हरियाणा के कुरुक्षेत्र से STF अंबाला की टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 मोस्टवांटेड शूटर्स को जीटी रोड पर उमरी गांव के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी गगन निवासी भालखी, नरेश कुमार निवासी राता मोहल्ला जिला महेंद्रगढ़, साहिल निवासी दुंधरेहड़ी जिला कैथल और जयंत कुमार निवासी भगवाड़ी कलां जिला कोटपूतली राजस्थान के कब्जे से 3 देसी पिस्टल और 7 कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर टोल प्लाजा पर फिरौती वसूली के लिए फायरिंग की योजना और झारखंड के रांची में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। कोर्ट के आदेश से आरोपियों को 10 दिन के रिमांड पर लिया गया है। गुप्त सूचना पर पकड़े गए बदमाश STF अंबाला के इंचार्ज प्रतीक कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने गुप्त सूचना पर दोपहर के समय जीटी रोड पर नाकाबंदी की थी। टीम को सूचना मिली थी कि लारेंस बिश्नोई गैंग के 4 शूटर्स जीटी रोड पर उमरी चौक के पास घूम रहे हैं। सूचना पर टीम ने चौक के पास संदिग्ध घूम रहे 4 युवकों को पकड़ा। आरोपी गैंग के एक्टिव शूटर्स शूटर्स का आपराधिक बैकग्राउंड खंगाला गया। ये सभी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक्टिव शूटर्स हैं। हत्या, फिरौती और हथियारों की तस्करी के केस में लिप्त हैं। गगन पहले राकेश हत्याकांड का मुख्य आरोपी है, जो पानीपत जेल में बंद था और जमानत पर आया था। जयंत गैंग का पुराना शूटर है और मंदीप भगवाड़ी कलां हत्याकांड का मुख्य शूटर है। आरोपी बहरोड़, अलवर और अजमेर जेलों में सजा काट चुका है और जमानत पर बाहर आया हुआ था। जयंत राजस्थान से हरियाणा होते हुए गैंग के अन्य मॉड्यूल्स से जुड़ा हुआ है। वहीं नरेश और साहिल हाल ही में गैंग से जुड़े थे। दोनों को झारखंड में वारदात करनी थी। फौजी के कहने पर करनी थी फायरिंग पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गैंगस्टर नितिन फौजी उर्फ फौजी और रामबीर जाट के इशारे पर वे रेवाड़ी-नारनौल हाईवे के टोल प्लाजा पर फायरिंग करके व्यापारियों से फिरौती वसूलने वाले थे। फिलहाल STF इन चारों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
कुरुक्षेत्र में लॉरेंस के 4 शूटर्स गिरफ्तार:वारदात से पहले STF अंबाला ने दबोचा, 3 देसी पिस्टल और 7 कारतूस बरामद
