भिवानी में सड़क हादसे में एक ही परिवार की 3 महिलाओं की मौत हो गई। घटना में 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को भिवानी के चौधरी बंसीलाल अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा रविवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे नवा धिराणा गांव के पास हुआ। सभी टाटा एस में सवार होकर शोक जताने जा रहे थे। धिराणा के पास पहुंचते ही टाटा एस अनियंत्रित हो गया और सीधा पेड़ से जा टकराया। मरने वाली तीनों महिलाएं और घायल एक ही परिवार के हैं। डॉक्टरों का कहना है कि 3-4 लोगों की हालत सीरियस है। क्रिटिकल केयर यूनिट में उनका इलाज चल रहा है। दोपहर बाद DC साहिल गुप्ता अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे। वहीं पुलिस ने मृतकों के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। बेकाबू होकर पेड़ से टकराया छोटा हाथी
प्रत्यक्षदर्शी सेक्टर-13 निवासी तेजवीर ने बताया भिवानी के कलिंगा गांव से एक छोटे हाथी में सवार होकर कालूवाला गांव में मौत पर शोक जताने जा रहे थे। इनके अलावा कुछ लोग अन्य वाहनों पर भी सवार थे। रास्ता में नवा धिराणा ढाणी के पास अचानक छोटा हाथी चालक वाहन से कंट्रोल खो बैठा। वाहन पेड़ से टकरा गया। जिससे ये हादसा हुआ है। छोटे हाथी में 15-16 लोग सवार थे। मरने वालों में तीनों महिलाएं एक गांव की
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक मरने वालों में तीनों महिलाएं भिवानी के गांव कलिंगा से हैं। इनमें मूर्ति (60) पत्नी रिषीराम, कृष्णा (65) पत्नी निवास और फूलवती (62) पत्नी राम कुमार शामिल हैं। इनके अलावा घायलों में बीरा पत्नी सतबीर, बलराम, नरेश पत्नी चंद्रदत्त, वेदप्रकाश, शिविर कुमार, विनिता पत्नी सुखबीर, संतोष पत्नी सज्जन और सत्यनारायण शामिल हैं। घायलों को पिकअप में अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना घायलों के साथियों ने ही डायल 112 और एंबुलेंस को दी। हालांकि एंबुलेंस के पहुंचने से पहले पिकअप गाड़ी से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायलों में 3 की हालत गंभीर बनी
सिविल अस्पताल के डॉक्टर मनीष श्योराण ने बताया कि इमरजेंसी से सूचना मिलने के बाद डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर 15-16 घायल लाए गए। जिनमें 3 की मौत हो चुकी थी। 3 की हालत अभी गंभीर है। इनकी हेड और चेस्ट इंजरी जांचने के लिए सीटी स्कैन करवाया जा रहा है। सरपंच बोले- गाड़ी का पहिया निकलने से हादसा हुआ
कलिंगा के सरपंच सोनू शर्मा ने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोग ब्राह्मण समाज और एक ही कुनबे-परिवार से हैं। ये लोग रामपुरा डोढीवाला में मुकाण (शोक जताने) के लिए गए थे। सरपंच का कहना है कि पता चला है कि गाड़ी का टायर निकल गया। जिससे गाड़ी पेड़ से टकरा गई।
सड़क हादसे में परिवार के 3 की मौत, 12 घायल:मौत पर शोक जताने जा रहे थे, तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकराई
