हिसार में दम घुटने से 3 की मौत:2 की हालत गंभीर; आग जलाकर कमरे में सोए थे, एक की 2 महीने पहले शादी हुई

Spread the love

हरियाणा के हिसार में सोमवार को दम घुटने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। हादसा ढंडूर गांव में स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में हुआ। पांचों लोग लोहे की बाल्टी में आग लगाकर कमरा बंद कर सोए थे। साथी कर्मचारी कमरे में आया तो पांचों लोग बेसुध पड़े हुए थे। इसके बाद तुरंत पांचों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां 3 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मरने वाले एक युवक की 2 महीने पहले ही शादी हुई थी। मंगलवार को तीनों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। यूपी से 5 दिन पहले काम करने आए
मिली जानकारी के अनुसार, ढंडूर गांव स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ के रहने वाले अनुज, अमरजीत, शिवा, संजय और अंबेडकर नगर निवासी साहिल पांच दिन पहले ही काम करने आए थे। गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के कारण सोमवार को फैक्ट्री में कोई काम नहीं था, इसलिए पांचों कमरे में सोए हुए थे। फैक्ट्रीकर्मी ने खिड़की से झांककर देखा
सोमवार दोपहर करीब 1 बजे तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और बाहर की लाइट भी जलती रही, तो पास के क्वार्टर में रहने वाले फैक्ट्रीकर्मी आशुतोष को शक हुआ। आशुतोष ने आसपास के अन्य कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद कमरे की ऊपर बनी कांच की खिड़की से झांक कर देखा गया, जहां पांचों लोग बेसुध हालत में पड़े मिले। 2 का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा
कर्मचारियों ने खिड़की का शीशा तोड़ा और अंदर पानी डाला। अनुज, साहिल और अमरजीत की मौत हो चुकी थी, जबकि शिवा और संजय की सांसें चल रही थीं। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची और सभी पांचों को हिसार के सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद 3 को मृत घोषित कर दिया, जबकि 2 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। अंदर से बंद था कमरा
आशुतोष ने बताया कि जब वे लोग शीशा तोड़कर अंदर गए तो एक लोहे की बाल्टी में आग जली हुई थी। कमरा अंदर से बंद था। आग की वजह से अंदर गैस बन गई और इनका दम घुट गया। अनुज की नवंबर में ही शादी हुई थी।