हरियाणा में 3 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट:50 KM/H तक चलेंगी हवाएं, 6 से 8 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

Spread the love

हरियाणा में मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 6 अप्रैल की रात से 8 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम तेजी से बदलेगा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनेगा, जिसका असर हरियाणा में देखने को मिलेगा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, वहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 5 और 6 अप्रैल तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन इसके बाद अचानक बदलाव आएगा। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन बादलों और हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। रात में ठंडक बरकरार, आगे बढ़ेगा पारा
4 अप्रैल को हरियाणा में औसत न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे कम तापमान 16.8°C सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में 17.4°C, हिसार और करनाल में 17.9°C, जबकि रोहतक में 19.6°C दर्ज हुआ। कई जिलों में 24 घंटे के दौरान 2 से 3 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली। हालांकि आने वाले दिनों में बादल और नमी बढ़ने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। दिन में राहत, बारिश से स्थिर रहेगा पारा
प्रदेश में 4 अप्रैल को औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे रहा। सबसे अधिक तापमान 33.3°C भिवानी में रिकॉर्ड किया गया। अंबाला, हिसार, करनाल और गुरुग्राम समेत अधिकतर जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रहा। मौसम में बदलाव और संभावित बारिश के चलते दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिलेगी।