पलवल में घर में घुसकर फायरिंग:25 युवकों ने किया लड़की के अपहरण का प्रयास; 20 बाइकों पर आए थे हमलावर

Spread the love

पलवल जिले के भमरौला गांव में रविवार को एक परिवार पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दहशत फैला दी। आरोपी बाइकों और एक कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने घर में घुसकर हवाई फायरिंग की और परिवार के सदस्यों को अगवा करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में दस नामजद सहित 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहीन थाना प्रभारी सुरेश कुमार के अनुसार, भमरौला गांव निवासी सरजीत ने शिकायत में बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे गहलब गांव से आए हमलावर नीले रंग की बलेनो कार और करीब 20 बाइकों पर सवार होकर आए। उनके हाथों में फरसा, तलवार, देशी कट्टे और लोहे की रॉड थीं। घर पहुंचते ही आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया और दहशत फैलाने के लिए तीन हवाई फायर किए, जिनमें एक गोली सीधे घर के दरवाजे पर चलाई गई। इसके बाद सभी हमलावर घर में घुस गए और सरजीत की बेटी प्रीति को जबरन ले जाने का प्रयास किया। परिवार ने किया विरोध, ग्रामीणों के जुटने पर भागे आरोपी जब परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने सरजीत के भतीजे भूप को बेरहमी से पीटा और उसे उठाकर ले जाने लगे। इसी दौरान शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी युवक को छोड़कर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने शाम तक गोली मारने की धमकी दी। 10 नामजद सहित 25 पर केस दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच पीड़ित ने बताया कि वह कुछ हमलावरों को पहचानता है, जिनमें गहलब गांव निवासी सूरज पहलवान, देवी, विक्की पांचाल, विनोद, पवन, हितेश, लव, मुकल, भगत सिंह और रोहित शामिल हैं। बाकी आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही एसआई जोगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। बहीन थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दस नामजद सहित 25 के खिलाफ घर में घुसकर अवैध हथियारों से हमला करने, चोट पहुंचाने और धमकी देने सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।