नारनौल में मंदिर की दीवार गिरने से 2 लोग दबे:एक की मौत, दूसरा बाल-बाल बचा, नींव की खुदाई करते समय हादसा

Spread the love

नारनौल के गांव अटाली में स्थित बाबा खेता नाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार को मंदिर के पीछे की दीवार गिर गई। यहां पर रिपेयरिंग का कार्य चल रहा था। दीवार गिरने से दो मजदूर दब गए। जिसमें से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर बचकर निकल गया। गांव अटाली में बाबा खेता नाथ मंदिर के पीछे मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान दीवार की नींव की खुदाई की जा रही थी। खुदाई के समय अचानक मंदिर की पिछली दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा पास में काम कर रहे मजदूर पर आ गिरा। मलबे की चपेट में आकर खामपुरा गांव निवासी कैलाश दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो बेटों का पिता हादसे में मारे गए कैलाश के चचेरे भाई राजेंद्र ने बताया कि काम करते समय मंदिर की दीवार गिर गई। जिससे कैलाश की मौत हो गई, उसके परिवार में दो लड़के हैं और उसकी मां है। कैलाश परिवार में अकेला कमाने वाला था। पोस्टमॉर्टम के लिए नारनौल भेजा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटवाया और मजदूर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल भिजवा दिया गया। मजदूरों में दहशत हादसे के बाद मंदिर परिसर में काम कर रहे अन्य मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। दीवार गिरने से हुई मौत: सरपंच गांव के सरपंच वेदपाल ने बताया कि बाबा खेतानाथ मंदिर में रिपेयर और खुदाई का काम चल रहा था। इस दौरान वहां पर एक दीवार मजदूरों पर गिर गई। जिससे कैलाश नाम के मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर बाल-बाल बच गया।