अलीगढ़ में महिलाओं को लूटने वाले 2 बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बदमाशों ने रविवार दोपहर भी एक महिला से कुंडल लूटे थे। इसके बाद से पुलिस उनकी घेराबंदी में जुटी थी। पुलिस ने देर शाम बदमाशों को मढौली गांव के पास घेर लिया। यहां हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश ढेर हो गए। मारे गए बदमाश रजा मोहम्मद पर 40 मुकदमे दर्ज हैं। वह रजापुर गांव के भाकली थाना क्षेत्र (हापुड़) का रहने वाला था। जबकि मोमीन बुलंदशहर का रहने वाला था। उस पर 27 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं। 4 तस्वीरें देखिए… 17 मई से कर रहे थे लूट
17 मई की दोपहर के समय भकरोला गांव की निवासी सीमा देवी पत्नी लालाराम, कुंती देवी पत्नी योगेंद्र, सुनीता पत्नी राजकुमार, गुड़िया पत्नी रघुराज, प्रेमलता पत्नी बंटी, कमलेश पत्नी दाऊजी, रेखा पत्नी जसवंत, पूनम पत्नी नारायण, ललितेश पुत्री जसवंत और कमलेश पत्नी संदेश सहित कई महिलाएं खेतों में चारा काटने गई थीं। इसी दौरान वहां बाइक सवार दो युवक पहुंचे और तमंचा दिखाकर महिलाओं को डरा दिया। उसके बाद बदमाशों ने महिलाओं से जबरन उनके कुंडल, पाजेब और तोड़ी समेत अन्य जेवर उतरवा लिए। जब महिलाओं ने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित महिलाओं और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की थी। ग्रामीणों ने बताया कि दिनदहाड़े हुई इस घटना से महिलाओं में भय का माहौल था। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की थी। मडराक थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी। आज दोपहर अतरौली थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा में रहने वाली पुष्पा देवी जानवर लेकर खेत से घर जा रही थीं। तभी गोधा रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनके कुंडल लूट लिए थे। एसएसपी नीरज सिंह जादौन ने बताया- कई दिनों से दोनों अपराधियों की तलाश में लगातार नाकेबंदी और कॉम्बिंग की जा रही थी। सभी छोटे-बड़े रास्तों पर टीमें एक्टिव थीं। रविवार सुबह खैर थाना क्षेत्र में दोनों बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और वहां से भाग गए। इसके बाद पूरे इलाके में सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। महिला से फिर लूट, फिर पुलिस ने घेरा दोनों बदमाशों ने रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला से तमंचे के बल पर कुंडल लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने यूपी-112 के जरिए इलाके की घेराबंदी कर दी। बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा गया। लेकिन, उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी। एसओ अतरौली और एसओ हरदुआगंज की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। वहीं, 2 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों की मौत हो गई। उनकी पहचान रजा मोहम्मद और मोमीन के रूप में हुई। दोनों बदमाशों पर दर्ज थे कई मुकदमे पुलिस के अनुसार, रजा मोहम्मद पर महिलाओं से लूट की 27 वारदात करने का आरोप था। उसने 40-50 महिलाओं को निशाना बनाया था। उसके खिलाफ एक महिला से रेप करने का मुकदमा भी दनकौर थाने में दर्ज है। रजा मोहम्मद अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जेल से बाहर आया था। बाहर आते ही उसने फिर से गैंग बनाकर महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया था। एसएसपी ने कहा कि गांवों और खेतों में काम करने वाली महिलाओं को डरने की जरूरत नहीं है। अलीगढ़ पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ———————— यह खबर भी पढ़िए- ‘रील बनाने से रोकने पर गाली दी, मोटी कहा’:काशी में इंफ्लुएंसर को पीटने वाली छात्राएं बोलीं- वह नकल से टॉप करती है वैष्णवी ने हमें गाली दी और मोटी कहा। वह बाल खींचकर वहां से भाग गई। हमने जो किया वह एक्शन पर रिएक्शन था। लोगों ने आधी वीडियो देखी है। उन्हें पूरी वीडियो देखनी चाहिए। वह दो बार की टॉपर है, लेकिन नकल से पास होती है। पढ़ें पूरी खबर…
अलीगढ़ में महिलाओं को लूटने वाले 2 बदमाश ढेर:दोपहर में लूट की, शाम को एनकाउंटर हुआ; दो सिपाही भी घायल
