हांसी सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत, साथी गंभीर:झज्जर से बारात में आए थे; रास्ता भटके, तेज रफ्तार कैंटर ने मारी टक्कर

Spread the love

हांसी के नजदीक मुंढाल फ्लाईओवर के पास रविवार रात एक सड़क भीषण हादसा सामने आया है। इसमें महम के गांव फरमाना खास में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे तीन दोस्तों की कार तेज रफ्तार कैंटर से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, झज्जर जिले के तीनों दोस्त महम में अपने एक मित्र के चचेरे भाई की शादी में शामिल होने जा रहे थे। रास्ता भटकने के कारण वे हिसार की तरफ निकल गए। मुंढाल फ्लाईओवर के पास उन्हें गलत दिशा में आने का एहसास हुआ। तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मारी इसी दौरान मुंढाल की गौशाला के पास हिसार की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घायल गंभीर हालत में पीजीआई रेफर घटना के बाद रोहतक की ओर से आ रही एक सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की पहचान रोहतक निवासी 15 वर्षीय तुषार के रूप में हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद उसे पहले हिसार और फिर गंभीर हालत के कारण रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। झज्जर जिले के रहने वाले दोनों मृतक मृतकों की पहचान झज्जर के गांव सिलोनी निवासी 29 वर्षीय विकास और झज्जर निवासी 30 वर्षीय सचिन के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विकास दो छोटे बच्चों का पिता था, जबकि सचिन का दो महीने का मासूम बेटा है। कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज सोराखी चौकी से पहुंचे जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए हांसी सामान्य अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।