हरियाणा में 2 दिन कोहरा, फिर बारिश का दौर:मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, 3 पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर

Spread the love

हरियाणा में मौसम विभाग ने 21 जनवरी तक प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। वहीं 22 जनवरी से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से चार जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग चंड़ीगढ़ के अनुसार, आज और कल प्रदेश में कोहरा पड़ने की संभावना बनी हुई है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में घना कोहरा छा सकता है, जबकि अन्य जिलों में भी हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। हालांकि दिन के समय धूप खिलने के आसार हैं, जिससे दिन में सर्दी से कुछ राहत मिल सकती है। 22 से बारिश का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से 22 से 24 जनवरी 2026 के दौरान हरियाणा में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड का असर बढ़ सकता है। हल्की व मध्यम होगी बारिश मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 जनवरी को छिटपुट स्थानों पर तथा 23 और 24 जनवरी को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 5 दिन प्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 25 जनवरी तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव बना रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य में 20 व 21 जनवरी को आंशिक बादलवाई रहने और उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 22 से 24 जनवरी को राज्य में कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी रात्रि से एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के आने की भी संभावना है। इससे 25 जनवरी से राज्य में ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान हवाओं में बदलाव रहने और रात्रि तापमान सामान्य से ज्यादा रहने तथा दिन के तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान अलसुबह व देर रात्रि को कहीं कहीं धुंध भी रहने की संभावना है।