हरियाणा के नूंह जिले में विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी एक महिला को सरकारी योजना के तहत ₹5 लाख की सहायता दिलाने के बदले रिश्वत मांग रहे थे। पीड़ित महिला के पति का निधन हो गया था, जिसके बाद वह सरकार की दीनदयाल परिवार सुरक्षा योजना के तहत ₹5 लाख की आर्थिक सहायता की हकदार थी। आरोपियों ने इसी सहायता को दिलाने के लिए महिला से ₹1 लाख की रिश्वत मांगी थी। 12 मार्च को महिला के खाते में आ गई थी पांच लाख रुपए की सहायता राशि जानकारी के मुताबिक 12 मार्च को महिला के खाते में पांच लाख रुपए की सहायता राशि आ गई। तभी से महिला पर पैसे देने का दबाव बना रहे थे। महिला ने इस संबंध में विजिलेंस विभाग से शिकायत की, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। विजिलेंस टीम ने बड़कली चौक स्थित सलीम होटल में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपियों ने महिला से ₹50 हजार की पहली किस्त ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। एक आरोपी को बताया जा रहा भाजपा नेता का बेटा, दूसरा निभा रहा बिचौलिए की भूमिका गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव बिसरू निवासी सीएससी संचालक तरुण कुमार और दलाल गिर्राज के रूप में हुई है। तरुण कुमार को एक भाजपा नेता का बेटा बताया जा रहा है, जबकि गिर्राज इस मामले में बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था। विजिलेंस टीम ने आरोपियों के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
नूंह में रिश्वत लेते 2 गिरफ्तार:दीनदयाल योजना के 5 लाख दिलाने के बदले मांगे 1 लाख, विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर दबोचा
