हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक सड़क हादसा हो गया।बता दे कि थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के अंतर्गत गांव भाकडोजी के पास दिल्ली से भीलवाड़ा जा रही एक यात्री बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बस ड्राइवर सहित 16 यात्री घायल हो गए। घायलों में से दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और उनके फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस ड्राइवर को नींद आना माना जा रहा है, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। हादसे की सूचना पाकर थाना सदर फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस पलटी:हादसे में 16 यात्री घायल, ड्राइवर को नींद आने के कारण दुर्घटना
