करनाल में 15 लाख कैश व डेढ़ किलो सोना लूटा:सर्राफा व्यापारी जीजा-साला पर हमला; झाड़ियों में छिपे बदमाशों ने छीना बैग

Spread the love

करनाल के सेक्टर-16 इलाके में शनिवार रात सर्राफा व्यापारी के साथ बड़ी लूट की वारदात हुई। स्कूटी पर सवार व्यापारी और उसके साले पर झाड़ियों में छिपे बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में व्यापारी नीचे गिर गया, जबकि साला मदद लाने के लिए वहां से भाग गया। बदमाशों ने व्यापारी को लोहे की रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके पास मौजूद 15 लाख रुपए नकद व 1500 ग्राम सोने से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल को करीब 10 फुट गहरी खाई में पड़ा देखा और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सर्राफा बाजार से घर लौटते समय हुई वारदात जानकारी के अनुसार, करनाल के सर्राफा बाजार में सोना पिघलाने का काम करने वाले व्यापारी आदिक पाटिल शनिवार रात अपने साले बबन मान के साथ स्कूटी पर घर लौट रहे थे। व्यापारी के पास एक बैग था, जिसमें करीब 15 लाख रुपए नकद और 1500 ग्राम सोना रखा था। जैसे ही दोनों सेक्टर-16 के कम्युनिटी सेंटर के पास पहुंचे, झाड़ियों में छिपे दो हमलावर अचानक बाहर निकले और पीछे से स्कूटी को धक्का दे दिया। स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई, जिससे व्यापारी नीचे जा गिरा और साला मदद लाने के लिए भाग गया। लोहे की रॉड से हमला कर बैग लूटा हमलावरों ने व्यापारी पर लोहे की रॉड और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेसुध हो गया। बदमाशों ने उसके पास मौजूद बैग छीन लिया और नमस्ते चौक की दिशा में पैदल फरार हो गए। कुछ देर बाद राहगीरों ने घायल को खाई में पड़ा देखा और बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में घायल ने अपना नाम आदिक पाटिल बताया और कहा कि उसके साथ लूट की वारदात हुई है। घायल बोला-म झाड़ियों में छिपे थे हमलावर अस्पताल में भर्ती आदिक पाटिल ने बताया कि वह सर्राफा बाजार से दुकान बंद कर घर लौट रहा था। उसके बैग में करीब 15 लाख रुपए नकद और 1500 ग्राम सोना था। जैसे ही वह सेक्टर-16 पहुंचा, झाड़ियों में छिपे दो बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने पीछे से स्कूटी को धक्का दिया और फिर लोहे की रॉड से सिर पर वार किया। इसके बाद बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। राहगीरों ने दिखाई इंसानियत राहगीर अंशुल लाठर और सूरज ने बताया कि वे अपने पड़ोस में हुई एक मौत के चलते वहां जा रहे थे। रास्ते में उन्हें लगा कि कोई एक्सीडेंट हुआ है, लेकिन पास जाकर देखा तो एक व्यक्ति खाई में घायल पड़ा था। उसी दौरान उसका साला भी मौके पर पहुंच गया। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार न करते हुए घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में घायल ने खुद को आदिक पाटिल बताया और पूरी घटना की जानकारी दी। हमलावरों के पास हथियार और नकाब आदिक के साले बबन मान ने बताया कि झाड़ियों में छिपे दो हमलावरों ने पीछे से स्कूटी को धक्का दिया और गिरते ही लोहे की रॉड से हमला कर दिया। दोनों ने मुंह ढक रखा था और उनके पास गन जैसी वस्तु भी हो सकती थी। वारदात के बाद दोनों पैदल ही फरार हो गए। मौके से गुप्ती, खून से सना पत्थर और घड़ी बरामद पुलिस को मौके से एक गुप्ती (लोहे की रॉड), खून से सना पत्थर और एक घड़ी बरामद हुई है। पुलिस इन वस्तुओं की जांच कर रही है कि ये किसकी हैं। अधिकारियों को शक है कि बदमाशों ने पहले से रेकी की थी या किसी अंदरूनी व्यक्ति ने जानकारी दी थी। डीएसपी बोले—घायल उपचाराधीन, टीमें जांच में जुटीं डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि घायल आदिक पाटिल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।