कैथल में 12वीं कक्षा के छात्र को चाकू मारे:पीजीआई चंडीगढ़ रेफर, स्कूल से कुछ दूरी पर हुई घटना

Spread the love

कैथल जिले के शेरगढ़ गांव में स्कूल से घर लौट रहे एक छात्र पर पांच छह अज्ञात आरोपियों ने रास्ता रोककर चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके कमर और अन्य जगहों पर कई चाकू मारे। जैसे ही छात्र ने शोर मचाया और आसपास के लोग इकट्‌ठे हुए तो आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग गए। छात्र को रेफर किया मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 टीम को दी। टीम मौके पर पहुंची और छात्र को अस्पताल पहुंचाया व परिजनों को सूचना दी। परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। छात्र को घाव ज्यादा होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। प्योदा रोड का रहने वाला छात्र अंकित प्योदा रोड गली नंबर 13 का रहने वाला है और गांव शेरगढ़ के सरकारी स्कूल में 12 वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। जैसे ही छात्र स्कूल से 200 मीटर की दूरी पर निकला बाइक सवार 5 से 6 अज्ञात बदमाशों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। हालांकि अभी हमलावरों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपियों में से कोई भी स्कूल में पढ़ने वाला विद्यार्थी नहीं था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर स्कूल के अलावा पॉलिटेक्निक कॉलेज भी है। छुट्‌टी के समय यहां पर काफी युवकों की भीड़ हो जाती है। ऐसे में उन्होंने मांग की है कि यहां पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। तितरम थाना एसएचओ रामबीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की ओर से छात्र के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।