11 सितंबर से प्रदेश में बारिश की संभावना:40 Km/h की हवा से चलेगी, अगले 5 दिन रांची समेत 5 जिलों में हेवी रेन का अलर्ट

11 सितंबर से प्रदेश में बारिश की संभावना:40 Km/h की हवा से चलेगी, अगले 5 दिन रांची समेत 5 जिलों में हेवी रेन का अलर्ट
Share Now

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अनुमान लगाया है कि झारखंड में अगले 5 दिनों तक कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जारी बुलेटिन के अनुसार रांची, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, रामगढ़ और लोहरदगा समेत अन्य जिलों में बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम आर्द्रता रांची में 97 प्रतिशत तक रही, जिससे उमस बनी रही। 6 सितंबर यानी आज राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। इसके कारण खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और आम लोगों के लिए राहत की उम्मीद बारिश से जहां किसानों को धान की खेती के लिए लाभ मिलेगा, वहीं आम लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। विभाग का अनुमान है कि 10 और 11 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। फिलहाल किसी बड़े मौसमी खतरे की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को फिलहाल चिंता करने की जरूरत नहीं है। रांची में अगले पांच दिन तक बरसेंगे बादल रांची और आसपास के जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम बदला-बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 9 सितंबर तक बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 7 सितंबर को गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। 10 और 11 सितंबर को भी मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। अधिकतम तापमान 29 से 36 डिग्री तक रहेगा झारखंड के विभिन्न जिलों में अगले पांच दिनों के तापमान में दिन और रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। देवघर, धनबाद, दुमका और गोड्डा जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहेगा। पाकुड़ और साहिबगंज में भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक जा सकता है। कोडरमा, चतरा और गढ़वा जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री और न्यूनतम 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लातेहार और लोहरदगा में तापमान अपेक्षाकृत थोड़ा कम रहेगा। रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और खूंटी में अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री तक रह सकता है। वहीं दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम 22 से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *