करनाल में धू-धूकर जली 100 साल पुरानी किराना शाॅप:शॉर्ट सर्किब्ट से लगी आग, तीन मंजिल तक फैली लपटें, लाखों रुपए का नुकसान

Spread the love

करनाल शहर की पुरानी सब्जी मंडी में स्थित होलसेल करियाणा की सबसे पुरानी दुकान में शनिवार को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान की बेसमेंट से लेकर ऊपर तक की तीनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। घटना के समय दुकान बंद थी, लेकिन भीतर से उठते धुएं और लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। आग से लाखों रुपए के सामान के जलने का अनुमान है। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन शटर बंद होने के कारण पानी की बौछार अंदर तक नहीं पहुंच पा रही थी। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने शटर उखाड़े और अंदर घुसकर आग पर काबू पाने का काम तेज किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
बिजली लाइन टूटने से बढ़ी मुश्किलें आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी परेशानी दुकान के सामने से गुजर रही बिजली लाइन के टूटने से हुई। टूटे तारों की वजह से सुरक्षा जोखिम बढ़ गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तुरंत बिजली लाइन कटवाई, जिसके बाद दोबारा पूरे दमखम के साथ आग बुझाने का अभियान चलाया गया और हालात पर नियंत्रण पाया गया।
100 साल पुरानी दुकान का इतिहास स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह दुकान करीब 100 साल पुरानी है। इसमें बेसमेंट सहित ऊपर की ओर तीन मंजिलें बनी हुई हैं। घटना से करीब एक घंटा पहले ही दुकान को बंद किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद अंदर से आग लगती दिखाई दी। देखते ही देखते आग ने पूरे ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस ने बताया शॉर्ट सर्किट से लगी आग पुलिस अधिकारी एएसआई बलवान ने बताया कि मुल्तानी दी हट्टी नामक दुकान में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।