सिरसा जिले के रानियां में आईटीआई (ITI) के एक छात्र पर हमला करने वाले दर्जन भर से अधिक युवकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। छात्र को तेजधार हथियारों से हमला कर अधमरा कर दिया। छात्र जान बचाने के लिए भागता रहा, लेकिन आरोपियों ने ढाणी तक उसका पीछा कर उस पर दोबारा हमला किया। विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घायल छात्र की पहचान ढुडियावाली गांव निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। पंकज आईटीआई में दो वर्षीय कोर्स कर रहा है और यह उसका अंतिम वर्ष था। पंकज ने अपने बयान में बताया कि उसके माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार में वे चार सदस्य (माता, पिता, एक छोटी बहन और वह स्वयं) रहते हैं। जानकारी के अनुसार, पंकज आईटीआई में था। उसी दौरान 10 से 15 युवकों ने उसको घेर लिया। विवाद के बाद उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमलावरों से बचने के लिए छात्र आईटीआई से फतेपुरिया रोड स्थित एक ढाणी की ओर जा रहा था, तभी युवकों ने उस पर दोबारा हमला कर दिया। हमले में छात्र के हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में रहा छात्र, अब दर्ज कराई शिकायत घायल छात्र को हमले के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। दो दिन तक उसकी हालत बुरी रही और वह बयान देने के काबिल नहीं हुआ। बीते दिन, छात्र ने अपने बयान दर्ज करवाकर 8 से 10 युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे आपसी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सिरसा में छात्र पर हमले में 10 युवकों पर FIR:2 दिन बाद पुलिस को बताई घटना; ITI से ढ़ाणी तक किया पीछा
