विधायक के अकाउंटेंट की कार से 10 लाख रुपए चोरी:पंक्चर टायर बदलने के दौरान युवक रुपयों से भरा बैग लेकर फरार

Spread the love

सोनभद्र में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की कंस्ट्रक्शन कंपनी के अकाउंटेंट की कार से करीब 10 लाख रुपए से भरा बैग चोरी हो गया। घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास शुक्रवार सुबह हुई। जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी और कैशियर प्रकाश द्विवेदी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रॉबर्ट्सगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से 10 लाख रुपए निकालकर क्रेटा कार से कार्यालय जा रहे थे। रामलीला मैदान के पास अचानक कार का टायर पंक्चर हो गया। चालक टायर बनवाने के लिए बढ़ौली चौराहे की ओर चला गया। जबकि प्रकाश द्विवेदी गाड़ी के पास ही मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक उनसे बातचीत में उलझाता रहा और मौका पाकर कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज चोरी की जानकारी होते ही प्रकाश द्विवेदी ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी माधव सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब 11 बजे की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जो सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।