पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरें:2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, बाढ़ का खतरा; CM की रैली में जाते वर्करों पर फायरिंग; DSP पर FIR

पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरें:2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, बाढ़ का खतरा; CM की रैली में जाते वर्करों पर फायरिंग; DSP पर FIR
Share Now

पंजाब में फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 6 और 7 अक्टूबर को भारी वर्षा का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में लगभग 110 मिमी, जम्मू में 120 मिमी, और हिमाचल प्रदेश में 160 से 180 मिमी तक बारिश हो सकती है। हिमाचल और जम्मू में बारिश से पानी पंजाब में आएगा। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है। पंजाब में भी कई जिलों पठानकोट, अमृतसर, तरनतारण, रोपड़, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोगा, मानसा, गुरदासपुर, बरनाला और बठिंडा में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर पंजाब सरकार ने रंजीत सागर डैम से रावी नदी में पानी का निकास बढ़ा दिया है। पहले पिछले 2 दिनों से 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन गुरुवार को इसे बढ़ाकर 37,686 क्यूसेक कर दिया गया। कॉमेडियन कपिल को पराठे खिलाने वाले का फिर हुआ विवाद, जालंधर में बीर दविंदर ने VIDEO जारी किया भारत के सबसे बड़े कॉमेडियन कपिल शर्मा को पराठे खिलाने वाले जालंधर के मॉडल टाउन स्थित मशहूर ‘हॉर्ट अटैक पराठे वाले’ के स्टॉल पर देर रात जमकर हंगामा हो गया। स्टॉल के मालिक बीर दविंदर सिंह ने थाना डिवीजन नंबर-6 के एसएचओ और पुलिस पर उनके साथ धक्का किए जाने के आरोप लगाए हैं। पराठे की दुकान के मालिक बीर दविंदर सिंह वडाला द्वारा इसे लेकर वीडियो भी जारी किया। दरअसल, देर रात पुलिस को झगड़े की सूचना मिली, जिसके बाद एसएचओ अजायब सिंह औझला के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। (पूरी खबर पढ़ें) गुरु तेग बहादर जी का 350वां शहीदी पर्व, विधानसभा का विशेष सत्र शामिल होगा पंजाब सरकार श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहीदी दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर श्रद्धा और भव्यता से मनाएगी। शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि आनंदपुर साहिब में 23 से 25 नवंबर तक मुख्य कार्यक्रम होंगे, जहां 10,000 श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी बनाई जाएगी। कार्यक्रमों में नगर कीर्तन, कीर्तन दरबार, ड्रोन शो, लाइट एंड साउंड शो, सर्वधर्म सम्मेलन और विधानसभा का विशेष सत्र शामिल होगा। चार नगर कीर्तन 18 नवंबर से देश के विभिन्न हिस्सों से चलकर 22 नवंबर को आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे। राज्यभर में रक्तदान, पौधारोपण (3.50 लाख पौधे) और अंगदान प्रतिज्ञा कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। 1–18 नवंबर के बीच 23 जिलों में लाइट एंड साउंड शो और 130 पवित्र स्थलों पर कीर्तन दरबार होंगे। सरकार का उद्देश्य गुरु साहिब की बलिदानी, धर्मनिरपेक्षता और मानवाधिकारों की मिसाल को जन-जन तक पहुंचाना है। चंडीगढ़ में शेयर मार्केट में घाटा लगने पर बनाया गिरोह: लाखों के नकली नोट चलाए चंडीगढ़ की क्राइम ब्रांच टीम ने ठगों के गिरोह का पर्दाफाश किया है, वह देश के पांच राज्यों में नकली नोट चलाने का काला कारोबार कर रहे थे। राजस्थान, जिला झालावाड़ के गांव झालरापाटन में किराये के मकान में इसके लिए छापाखाना चलाया जा रहा था। पुलिस की तरफ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, यह तीनों 12वीं पास हैं। शेयर मार्केट में घाटा पड़ने के बाद आरोपितों ने नोट बनाने और इन्हें चलाने का काला कारोबार शुरू कर दिया था। वह कूरियर के जरिए नोटों को इधर से उधर करते थे। (पढ़े पूरी खबर) सीएम ने किया ₹2872 करोड़ के प्रोजेक्ट का शुभारंभ: तरनतारन में कहा- भरे जाएंगे सड़कों के गड्ढे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में ग्रामीण संपर्क और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को नया रूप देने के लिए 19,492 किमी लम्बी लिंक सड़कों के मरम्मत कार्य की शुरुआत की है। तरनतारन जिले के झब्बाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्होंने इस ऐतिहासिक परियोजना का उद्घाटन करते हुए बताया कि इस विशाल योजना पर 3,425 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि पूरी तरह पंजाब के लोगों द्वारा दिए गए टैक्स से जुटाई गई है, जिससे राज्य के हर कोने तक बेहतरीन सड़क नेटवर्क पहुंचेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब बनने या मरम्मत होने वाली सड़कों की जिम्मेदारी संबद्ध ठेकेदार पांच साल तक उठाएंगे। यदि तय समय से पहले कोई सड़क खराब होती है, तो ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है और उसकी पेमेंट रोक दी जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर) DSP भुच्चो रविंदर सिंह रिश्वत मामले में नामजद:झगड़े के निपटारे से जुड़ा है मामला विजिलेंस ब्यूरो ने एक लाख रुपए की रिश्वत लेने के मामले में डीएसपी भुच्चो रविंदर सिंह रंधावा को नामजद किया है। यह मामला एक झगड़े के निपटारे से जुड़ा है, जिसमें उनके रीडर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। विजिलेंस टीम ने 1 जुलाई को डीएसपी भुच्चो रंधावा के रीडर राज कुमार को डीएसपी कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार किया था। डीएसपी भुच्चो रंधावा पर गांव कल्याण सुक्खा के सरपंच कुलविंदर सिंह और उनके बेटों को एक मामले से निकालने के बदले एक लाख रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है। यह मामला 20 मई 2025 का है, जब नथाना पुलिस ने नथाना के गांव कल्याण सुक्खा के सरपंच कुलविंदर सिंह और उनके दो बेटों के खिलाफ एक जमीनी विवाद में केस दर्ज किया था। (पढ़ें पूरी खबर) तरनतारन में AAP कार्यकर्ताओं की बस पर हमला, CM मान की रैली में जा रहे थे कार्यकर्ता
पंजाब के तरनतारन क्षेत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान की रैली में शामिल होने जा रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला हो गया। झबाल जा रही सरकारी पंजाब रोडवेज की बस पर मूसे गांव के कुछ युवकों ने ईंट-पत्थर बरसाए और गोलियां चलाने का भी आरोप लगा। हमले में बस के शीशे टूट गए और AAP कार्यकर्ता सुरिंदर सिंह, अरविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, फुमण सिंह समेत पांच लोग घायल हो गए। पार्टी के सरपंच करनैल सिंह भी जख्मी हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला भाजपा से जुड़े युवकों ने किया। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद आप कार्यकर्ताओं ने झबाल थाने में शिकायत दी। इस हमले के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। पुलिस मौके पर तैनात है और माहौल शांत रखने की कोशिश में जुटी है। मामले की जांच जारी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। तरनतारन विधानसभा से AAP का उम्मीदवार घोषित: CM मान बोले- लोगों की पसंद पर फैसला लिया मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरमीत सिंह संधू को तरनतारन विधानसभा का उम्मीदवार घोषित किया। संधू तीन बार विधायक रह चुके हैं और अगस्त में क्षेत्र प्रभारी बनाए गए थे। मान ने कहा कि इस बार लोगों की पसंद को महत्व दिया गया है और संधू की जीत के लिए मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने चुनाव प्रचार में सहयोग का भरोसा भी दिया। शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के उम्मीदवार भी पहले से घोषित हैं। मान ने पंजाब में 19,492 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और उन्नयन के लिए 3,425 करोड़ रुपए खर्च करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह विकास जनता के टैक्स से हो रहा है और शिक्षा-स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। कनाडा में कपिल शर्मा का कैफे फिर खुला: एक महीने में 2 बार फायरिंग कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सर्रे में कॉमेडियन कपिल शर्मा का कैफे अब फिर से खोला गया है। एक महीने में कैफे पर दो बार फायरिंग हुई थी, जिससे खिड़कियां टूट गई थीं। लेकिन मरम्मत के बाद इसे फिर से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी ढिल्लों ने ली थी। दिवाली पर पंजाब दहलाने की साजिश नाकाम, बर्खास्त कमांडो ग्रेनेड समेत गिरफ्तार पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा ने दशहरा की रात पाकिस्तान से भेजे गए 4 ग्रेनेड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में गुरदासपुर जिले के बटाला का रहने वाला धर्मेंद्र भी शामिल है, जो कि सेना में कमांडो रह चुका है। धर्मेंद्र किसी मामले में चार साल तक जेल में रह चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया है। यह भी पता चला है कि पंजाब पुलिस का यह ऑपरेशन अमृतसर सेक्टर के सीमांत इलाके में जारी है। बताया जा रहा हैं कि पुलिस को आरोपितों से ग्रेनेड के अलावा IED और हथियार बरामद होने की संभावना है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि यह हथियार आगे सप्लाई किए जाने थे और दीपावली से पहले बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाना था। इसके लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन बब्बर खालसा के हरविंदर रिंदा ने अपने आतंकियों को टारगेट देना था। फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *