फतेहाबाद में हादसे में 1 युवक की मौत, साथी घायल:गोगा मेड़ी से लौट रहे थे; बाइक अनियंत्रित होकर खेतों में गिरी

Spread the love

फतेहाबाद जिले के जाखल खंड के गांव रत्ताथेह के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, जाखल की गुरुद्वारा बस्ती के रहने वाले राजपाल (35) और जोगिंदर सिंह (55) गोगा मेड़ी गए हुए थे। बीती रात दोनों बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। रत्ताथेह-शकरपुरा रोड पर पाइप फैक्ट्री के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरे खेतों में जा गिरी। एक की मौके पर मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए टोहाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजपाल को मृत घोषित कर दिया। जोगिंदर सिंह का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई म्योन्द चौकी प्रभारी करनैल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में मामला इत्तफाकिया प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।