बिहार के अरवल जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मेहंदिया थाना क्षेत्र के कोयल भूपत गांव में एक कुएं से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान अनुज कुमार उर्फ सुखल सिंह के बेटे अंकुल उर्फ गोलू कुमार के रूप में हुई है। अंकुल हैदराबाद से बीटेक की पढ़ाई पूरी कर एक माह पहले घर लौटा था। घटना वाले दिन वह भोजन करने के बाद घर से बाहर निकला था। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। लगभग 48 घंटे बाद कुछ ग्रामीणों ने गांव के कुएं में उसका शव देखा। सूचना मिलते ही मेहंदिया थाना अध्यक्ष राहुल अभिषेक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अरवल सदर अस्पताल भेजा गया है। परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना अध्यक्ष ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
हैदराबाद से लौटे बीटेक छात्र का शव कुएं में मिला:परिजनों ने तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
