यूपी 2047 में कैसा होना चाहिए? उसका विकास कैसे हो? कैसे आत्मनिर्भर बने? इसके लिए योगी सरकार आज विधानसभा और विधानपरिषद में 2047 का विजन डॉक्यूमेंट पेश करेगी। ठीक 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है। सीएम योगी भी विधानसभा पहुंच गए हैं। 2047 विजन डॉक्यूमेंट पर दोनों सदनों में बिना रुके लगातार 24 घंटे चर्चा होगी। सीएम योगी ने कहा कि सरकार सदन में 25 साल की कार्ययोजना रखेगी। इसमें हर विभाग बताएंगे कि 2047 में वे कहां नजर आएंगे? इधर, सपा ने विजन डॉक्यूमेंट को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की है। शिवपाल यादव ने X पर लिखा। कहा- भाजपा 2047 का काल्पनिक विजन लेकर आ रही है। अरे भाई, आज की भूख का हल नहीं, और कल के सपनों का सौदागर बनकर घूम रहे हैं। सपना मत बेचिए, सच्चाई का हिसाब दीजिए। 2047 विजन डॉक्यूमेंट पर सपा सरकार से 47 सवाल पूछेगी। सवालों को फाइनल किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सदन के पटल पर सरकार से सवाल करेंगे। इधर, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- ये ऐतिहासिक सत्र है। 2047 में आने वाली पीढ़ी को कैसा भारत, कैसा उत्तर प्रदेश देना चाहते हैं। इस पर सभी विचार रखेंगे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा-विपक्ष डीरेल्ड हैं, उनके पास कहने को कुछ नहीं है। इसलिए हंगामा कर रहे हैं। विधानसभा और विधानमंडल से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
शिवपाल बोले- 2047 के सपने मत बेचिए:2025 का हिसाब दीजिए; विजन डॉक्यूमेंट-2047 पर 24 घंटे चलेगी विधानसभा
