15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में राज्यपाल संतोष गंगवार ने झंडोत्तोलन किया। इसके बाद जवानों द्वारा परेड प्रस्तुत किया गया और सलामी दी गई। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा- आज देश और दुनिया झारखंड की ओर देख रही है। आज हमारे झारखंड में अवसरों की कोई कमी नहीं है। चाहे आधारभूत संरचना में निवेश हो, ऊर्जा क्षेत्र को सशक्त बनाने की बात हो, उद्योगों में नवाचार की पहल हो, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्नति हो या कृषि में नए सुधारों को लागू करने की बात हो या खेल के क्षेत्र की बात हो, हर क्षेत्र में आज नए अवसर हम सबके सामने हैं।
90% अनुदान पर सौर ऊर्जा आधारित पंप सेट वितरित किए जा रहे उन्होंने कहा-अर्थव्यवस्था को आकार देने में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसान केवल अन्नदाता ही नहीं बल्कि हमारे जीवन दाता भी हैं। उनकी उपज को उचित मूल्य दिलाने और उनकी आजीविका सुधारने के लिए हमारी सरकार बहु आयामी प्रयास कर रही है। किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 90% अनुदान पर सौर ऊर्जा आधारित पंप सेट वितरित किए जा रहे हैं। कृषि ऋण माफी योजना के तहत राज्य के लगभग 5 लाख किसानों का 2300 करोड़ रुपए का ऋण माफ कर उन्हें आर्थिक राहत प्रदान की गई है। प्रतिवर्ष 15 लाख रुपए तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा ‘सर्वे संतु निरामया’ के सिद्धांत पर चलते हुए हमारी सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बीमारी की स्थिति में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य योजना के तहत लाल, पीला व हरा राशन कार्ड धारी परिवारों को प्रतिवर्ष 15 लाख रुपए तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए पीपीपी मोड पर पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और धनबाद में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार सुपर स्पेशलिटी रिम्स टू का निर्माण कर रही है। इसके लिए लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। परेड में बिहार पुलिस की एक टुकड़ी भी शामिल इधर, इस बार परेड में बिहार पुलिस की एक टुकड़ी भी शामिल रही, जो झारखंड के जवानों के साथ कदमताल करते दिखें। एनसीसी और रांची पुलिस की एक-एक महिला जवान भी परेड में दम-खम दिखाया। इस बार भी परेड का नेतृत्व महिला पुलिस अधिकारी ने किया। सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री श्रुति को इसकी कमान दी गई। इस बार परेड में कुल 14 बटालियन शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के नेमरा में किया ध्वजारोहण वहीं, राजधानी रांची की ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस बार उपस्थित नहीं रह सके। अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म के कारण वे नेमरा में हैं। मुख्यमंत्री ने 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त झारखंड वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल ने किया झंडोत्तोलन:कहा- आज देश और दुनिया झारखंड की ओर देख रही, राज्य में अवसरों की कोई कमी नहीं
