मासूम को तेंदुए के जबड़े से खींच लाई मां:आगरा में अटैक किया, लेकिन पीछे नहीं हटी, 15 मिनट तक लड़ती रही

मासूम को तेंदुए के जबड़े से खींच लाई मां:आगरा में अटैक किया, लेकिन पीछे नहीं हटी, 15 मिनट तक लड़ती रही
Share Now

आगरा में 3 साल की बेटी को बचाने के लिए मां तेंदुए से भिड़ गई। करीब 15 मिनट तक उससे लड़ती रही। इसके बाद तेंदुआ छोड़कर भाग गया। हालांकि हमले में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक इलाज के बाद जैतपुर भेज दिया गया। दरअसल, मंगलवार को बच्ची घर में खेल रही थी, तभी तेंदुआ घर में घुस आया। उसने बच्ची को जबड़ों में दबाकर ले जाने की कोशिश की। बच्ची की चीख सुनकर मां दौड़कर पहुंची। यह देखकर तेंदुए ने महिला पर भी हमला कर दिया। लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी और बेटी को बचा लिया। मामला बाह क्षेत्र के जैतपुर गांव का है। घायल बच्ची की मां रीमा ने कहा- मैं नहीं होती तो पता नहीं क्या हो जाता। मुझे तो अपनी बेटी ही दिखाई दे रही थी। अब पूरा घटनाक्रम पढ़िए
बाह क्षेत्र के जैतपुर नौगवां में आशीष अपनी पत्नी और बच्ची के साथ रहते हैं। रीमा ने कहा- मैं मंगलवार की दोपहर 1 बजे घर के आंगन में बर्तन धो रही थी। बच्ची अर्पिता थोड़ी दूर पर खेल रही थी। अचानक बेटी चिल्लाने लगी। मैंने देखा तेंदुआ है, जो उसे खींचकर ले जा रहा है। मैं तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़ी, तब तक तेंदुए ने बच्ची के चेहरे पर हमला कर दिया था। वह बेटी को खींचकर ले जा रहा था। मैं भी तेंदुए से भिड़ गई। तेंदुए ने मेरे सिर पर भी हमला कर दिया, लेकिन मुझे सिर्फ बेटी को बचाने की फिक्र थी। मैं तेंदुए से करीब 15 मिनट तक लड़ती रही। थोड़ी देर में तेंदुआ भाग गया। बच्ची के सिर और चेहरे पर काटने के निशान हैं। तेंदुए ने मेरी उंगली भी काट ली। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण मां रीमा ने बताया- शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। लोगों ने तेंदुए को खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। तेंदुए के अटैक के 1 घंटे बाद पति आशीष घर पहुंचे। उन्होंने बताया- मैं कुछ काम से घर से बाहर गया था। मुझे फोन पर जानकारी हुई, तब मैं तुरंत घर की ओर भागा। इसके बाद पत्नी और बेटी को अस्पताल ले आया। इस इलाके में तेंदुआ नहीं, सियार हो सकता है जैतपुर के रेंजर कोमल सिंह ने बताया- नौगवां क्षेत्र में तेंदुआ कभी दिखा नहीं है। हमला करने वाला जानवर लकड़बग्घा या सियार हो सकता है। वन विभाग की टीम मौके पर गई थी। वन्यजीव की पहचान कराई जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क किया गया है। ——————- ये खबर भी पढ़ें… प्रयागराज में तेंदुए का अटैक, 3 घायल; गन्ने के खेत से निकलकर झपट्‌टा मारा, लोग लाठी-डंडे लेकर तलाश रहे प्रयागराज में तेंदुए ने 3 किसानों पर हमला कर दिया। किसान खेतों में काम कर रहे थे। तेंदुआ अचानक गन्ने के खेत से निकला और उनपर टूट पड़ा। घटना को देख आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े। तब तेंदुआ दूसरे गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। घायल किसानों को CHC में भर्ती कराया गया है। पढ़िए पूरी खबर


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *