पूर्णिया विश्वविद्यालय के मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज में नामांकन के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार पर प्रति सेमेस्टर 300 रुपए की अवैध वसूली का आरोप लगाया है। ABVP के विभाग संयोजक अमित मंडल और जिला संयोजक दीपक चौहान के अनुसार, सत्र 2023-27, 2024-28 और 2025-29 के सभी छात्रों से यह राशि वसूली गई। इसमें महिलाएं और अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्र भी शामिल हैं। मामले में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। 300 रुपये वसूलकर 200-250 रुपये की रसीद दी जा रही थी। मेरिट सूची की समय सीमा 24 जुलाई 2025 के बाद भी अवैध नामांकन किए गए। ‘शामा कम्युनिकेशन’ फर्म के माध्यम से धांधली की गई। साथ ही लाइब्रेरी भवन का दुरुपयोग भी किया गया। 11 अगस्त 2025 को शिकायत के बाद जांच समिति बनाने का वादा किया गया। 1 सितंबर को DSW ने सभी सत्रों की राशि लौटाने का आदेश जारी किया। लेकिन 2 सितंबर को नए पत्र में केवल 2025-29 सत्र का उल्लेख कर पुराने सत्रों को नजरअंदाज कर दिया गया। ABVP ने कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर सभी सत्रों की राशि वापसी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने 23 सितंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज में नामांकन घोटाला:प्रधानाचार्य पर छात्रों से 300 रुपए प्रति सेमेस्टर वसूली का आरोप, ABVP ने दी आंदोलन की चेतावनी
