रक्षाबंधन पर बिहार सरकार ने महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने आज रक्षाबंधन के दिन सभी महिलाओं के लिए BSRTC बस यात्रा को मुफ्त कर दिया है। पटना की महिलाएं आज इन फ्री बसों से यात्रा कर रही हैं और वह काफी खुश है। यह सुविधा बिहार के सभी मार्गों पर लागू होगी, जिससे बहनें अपने भाइयों के पास आसानी से पहुंच सकेंगी और इस त्योहार को और भी खास बना सकेंगी। नीतीश सरकार का महिलाओं ने किया शुक्रिया माधुरी पाठक ने कहा कि बहुत खुशी हो रही है कि मैं अपने भाई के यहां राखी बांधने जा रही हूं। यात्रा के लिए मेरे पैसे भी नहीं लग रहे हैं। इस सुविधा के लिए सरकार का शुक्रिया अदा करती हूं। सभी महिलाओं के लिए सरकार बहुत अच्छा कर रही है। वहीं, पिंकी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार का बहुत-बहुत धन्यवाद। आज हम सभी अपने भाइयों को राखी बांधने जा रहे हैं, उसके लिए पैसे नहीं लग रहे हैं। इन पैसों को हम किसी और चीज में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इस बार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे नीतीश कुमार गुड़िया कुमारी ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि भाई बहनों के त्योहार पर हम महिलाओं को फ्री बस सेवा दी गई है। मैं नीतीश कुमार का धन्यवाद करती हूं और उनकी दिल से शुक्रिया कहती हूं। इस साल चुनाव है और फिर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बनेंगे। वे लोग महिला को लेकर काफी कुछ किए हैं और हमारा काफी मदद करते हैं। आज और कल मिलेगी फ्री बस सेवा फ्री बस सेवा का लाभ महिलाएं आज और कल उठा सकती हैं। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अंतर्गत कुल 6 क्षेत्रीय कार्यालय जिसमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया से विभिन्न मार्गों पर फ्री बस सेवा दी जा रही है। इस योजना के तहत, सभी आयु वर्ग की महिलाएं बिना किसी पैसे के निगम की साधारण, डीलक्स और वॉल्वो बसों में यात्रा कर सकेंगी। पिंक बसों में भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
महिलाओं ने सीएम को किया थैक्स:पटना में फ्री बस सेवा से खुश हैं, कहा- इस साल फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे नीतीश कुमार
