राजगीर में एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया (API) की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से आए डॉक्टर शामिल हुए। जिन्होंने राजगीर के नेचर सफारी, जू सफारी और ग्लास ब्रिज का भ्रमण किया और बिहार में हुए विकास कार्यों की जमकर सराहना की। सत्र को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि पूरे देश में सबसे तेज गति से प्रगति करने वाला अगर कोई राज्य है, तो वह नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार है। जो 14.4% की ग्रोथ रेट से आगे बढ़ रहा है। राज्य में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाए हैं। सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। पहले जो क्रूज या हाउसबोट देखने के लिए लोग कश्मीर के डल झील जाते थे, वैसी सुविधा अब हमने कैमूर के दुर्गावती जलाशय में शुरू कर दी है। नई योजनाओं का होगा शिलान्यास डॉ. सुनील कुमार ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जल्द ही जू सफारी और वेणुवन के दूसरे चरण का शिलान्यास किया जाएगा। सिर्फ राजगीर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार का संतुलित विकास कर रहे हैं। बक्सर में महर्षि विश्वामित्र पार्क का निर्माण हो रहा है। वहीं थावे मंदिर के पास एक ऐसा पार्क बनाया जा रहा है, जिसमें लोग पेड़ों के ऊपर घूमेंगे। घोड़ाकटोरा में भी चल सकती है मोटर बोट एक सवाल के जवाब में मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि घोड़ाकटोरा झील में भी मोटर बोट चलाने की संभावनाएं हैं। इस पर विचार किया जा रहा है। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है।
‘बिहार 14.4% की दर से कर रहा तरक्की’:राजगीर में जुटे देशभर के डॉक्टर, मंत्री सुनील कुमार बोले- नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है
