गया शहर के वार्ड नंबर 41 के पूर्व वार्ड पार्षद और वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि शशि किशोर ने नगर विधायक और सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शशि किशोर ने कहा कि डॉ. प्रेम कुमार 35 वर्षों से नगर विधायक हैं और वर्तमान में मंत्री भी हैं। उनके घर की गली में भी सड़क नहीं बनी है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने शहर का कितना विकास किया होगा। पूर्व पार्षद ने कहा- एक दिन घूमने से स्थिति नहीं सुधरेगी पार्षद प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि विधायक पितृपक्ष मेले का निरीक्षण चुनावी प्रचार के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा से एक दिन घूमने से शहर की स्थिति नहीं सुधरेगी। शहर में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे नगर निगम और जिला प्रशासन की पहल पर हैं। शशि किशोर ने नगर आयुक्त और जिला अधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे टूटे नाली के ढक्कन जैसी समस्याओं को गंभीरता से लेते हैं। उन्होंने बताया कि पितृपक्ष मेले का आयोजन जिला प्रशासन की देखरेख में होता है। वार्डों में सड़क निर्माण, नाली निर्माण और मरम्मत का कार्य जिलाधिकारी के आदेश पर नगर निगम करवाता है। विधायक के 35 साल के कार्यकाल में शहर में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ है।
बिहार सरकार के मंत्री पर पूर्व वार्ड पार्षद का आरोप:कहा- पितृपक्ष मेले का निरीक्षण सिर्फ चुनावी दिखावा है, उनके घर के गली में सड़क भी नहीं
