बांका के अमरपुर थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में मंगलवार की शाम जहरीले कीड़े के काटने से मजदूर की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कपिल साह का बेटा प्रभु कुमार (22) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि प्रभु मंगलवार को शौच के लिए गांव के पास ब्रहमोत्तरी बहियार गया था। लौटने के कुछ ही देर बाद उसने बताया कि बिच्छू ने उसे काट लिया है। इसके बाद वो अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे लेकर अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचे। वहां डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। रास्ते में ही मौत भागलपुर ले जाते समय रास्ते में ही प्रभु की मौत हो गई। युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां शीला देवी समेत अन्य परिजन बार-बार बेहोश हो रहे हैं। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए ग्रामीणों की भीड़ मृतक के घर उमड़ पड़ी है। कुछ दिन पहले ही दिल्ली से लौटा था ग्रामीणों के अनुसार, प्रभु मृदुभाषी और शांत स्वभाव का युवक था। वह 3 भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसका बड़े भाई अनंत साह और गयन्तु साह दिल्ली में मजदूरी करते हैं। बहन ममता कुमारी का विवाह हो चुका है। कुछ दिन पहले ही प्रभु दिल्ली से गांव लौटा था। गांव में उसकी मौत से हर कोई स्तब्ध है। शौच करने के दौरान हादसा मृतक के परिजनों ने बताया कि युवक ने शौच करने के बाद घर में आकर बताया था कि बिच्छू ने काट लिया है। इतना कहने के बाद उसकी हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गई।
बिच्छू के काटने से मजदूर की मौत:बांका में शौच करने के लिए निकला था, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
