भागलपुर के सबोर थाना क्षेत्र में बाढ़ का पानी घुस चुका है। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई है। मृतक की पहचान रजनदीपुर गांव निवासी राजू दास (32) के रूप में हुई है। घटना रात करीब 9 बजे की है। राजू काम से घर लौट रहा था। गांव में चारों तरफ बाढ़ का पानी भरा हुआ था। वह जैसे ही पानी में उतरा, करंट की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलते ही सबोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल अस्पताल भेज दिया। राजू की पत्नी आशा देवी उस समय अपने मायके गोड्डा में थी। शाम 7 बजे राजू ने पत्नी से फोन पर बात की थी। उसने 8 बजे तक घर पहुंचने की बात कही थी। रात 10 बजे परिजनों ने आशा को राजू की मौत की खबर दी। वह तुरंत परिजनों के साथ ससुराल पहुंची। राजू के एक बेटा और एक बेटी है। घटना से परिवार में मातम पसरा है। मौत से एक घंटे पहले मजदूर ने अपनी पत्नी से बात की थी। लेकिन, घर लौटते समय करंट लगने से इसकी जान चली गई है।
बाढ़ के पानी में करंट, बिजली मिस्त्री की मौत:भागलपुर में घर लौटते समय हादसा, पत्नी से एक घंटे पहले हुई थी फोन पर बात
