झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित रोहद गांव के पास रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सड़क हादसे में एक राहगीर की मौत होने का मामला सामने आया है। जबकि एक कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब सांपला की ओर से आ रही आई-20 कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूद गई और सामने से आ रही एक्सयूवी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में राहगीर हरेंद्र चौधरी (42) निवासी बक्सर, बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। हरेंद्र रोहद गांव स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था और परिवार सहित गुरुग्राम के भौंडसी क्षेत्र में रहता था। वह तीन बच्चों का पिता था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कार असंतुलित होकर डिवाइडर कूदी वहीं आई-20 कार ड्राइवर दीपक निवासी मांडोठी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए पहले सांपला और फिर रोहतक स्थित पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आई-20 तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर कूद गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। कंपनी से छुट्टी के बाद निकले थे हरेंद्र के साथी अब्दुल मलिक ने बताया कि वे सभी कंपनी से छुट्टी होने के बाद बाहर निकले ही थे कि हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में हरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना आसौदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। शव नागरिक अस्पताल रखवाया जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में रखवाया गया है। परिजनों के यहां पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक की पहचान हरेंद्र चौधरी निवासी बिहार के रूप में हुई है।
बहादुरगढ़ में एक्सीडेंट में राहगीर की मौत:डिवाइडर कूदकर दूसरी लेन में कार से टकराई बेकाबू i-20; ड्राइवर की हालत गंभीर
