समस्तीपुर में रविवार को झोलाछाप डॉक्टर रंधीर कुमार उर्फ डॉ. आर. कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रंधीर ने एक महिला के इलाज में लापरवाही बरती है। पेट दर्द होने पर महिला मरीज साक्षी अस्पताल में भर्ती हुई थी। डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन कर बच्चेदानी निकाल दी थी, पर महिला की तबीयत में सुधार नहीं हुआ। जांच में पता चला कि पेशाब की थैली डॉक्टर ने काट दी थी। पीड़िता आजतक अपना इलाज करा रही है। पटना एम्स में उसका उपचार चल रहा। हालांकि वो वहां भर्ती नहीं है। पति ने आरोप लगाया था कि डॉक्टर ने हत्या की कोशिश की। दलसिंहसराय थाने में डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। उसके बाद से डॉक्टर फरार हो गया था। मामला 2024 का है। 21 सितंबर को डॉक्टर अस्पताल में पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बच्चेदानी में सूजन की बात कही गई थी पीड़ित महिला वार्ड संख्या-28, ढेपुरा निवासी सुरेश पासवान की पत्नी फूल देवी (28) है। सुरेश पासवान ने पुलिस को आवेदन में बताया था कि 20 सितंबर 2024 पत्नी की तबीयत खराब हो गई थी। उसके पेट में बहुत ज्यादा दर्द होने लगा। डॉ. आर. कुमार ने चिकित्सीय जांच के बाद बच्चेदानी में सूजन की बात कही थी। जल्द ऑपरेशन कराने का प्रेशर बनाया। ऑपरेशन के लिए 25 हजार रुपए मांगे गए। बताया गया था कि विशेषज्ञ को बाहर से बुलाना पड़ेगा। तबीयत ठीक नहीं हुई, फिर भी अस्पताल से दे दी छुट्टी 28 सितंबर को फूल देवी का ऑपरेशन हुआ। बच्चेदानी निकाल दी गई। इसके बाद फूल देवी की स्थिति और खराब हो गई। डॉक्टर लगातार आश्वासन दे रहे थे कि ऐसा होता है, सब ठीक हो जाएगा, पर बहुत इंतजार के बाद भी महिला की तबीयत ठीक नहीं हो रही थी। 5 अक्टूबर को डॉक्टरों ने मरीज को जबरन छुट्टी दे दी। स्थिति और खराब होने पर 15 और 31 अक्टूबर को फिर अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने सिर्फ दवा देकर लौटा दिया। मरीज को पेशाब का अनियंत्रित आना शुरू हो गया। अन्य डॉक्टर से जांच कराने पर पता चला कि ऑपरेशन के दौरान पेशाब की थैली कट गई है। इस स्थिति का इलाज सिर्फ पटना या दिल्ली में संभव है। अस्पताल से भगा दिया गया सुरेश इलाज से संबंधित कागजात मांगने गए तो डॉक्टरों ने थोड़े-बहुत दस्तावेज दिया। अपमानित करते हुए गाली-गलौज कर भगा दिया गया। इसके बाद फूल देवी को पटना ले जाकर इलाज कराया गया, जिसमें लाखों रुपए कर्ज लेकर खर्च करने पड़े। मरीज अभी भी गंभीर स्थिति से जूझ रही है। जांच और दस्तावेजों के अनुसार डॉक्टर की गिरफ्तारी हुई है दलसिंग सराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सुरेश पासवान के लिखित आवेदन और मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर दलसिंगसराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है। प्राथमिक जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर डॉ. रंधीर कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।
पेट में दर्द, ऑपरेशन में बच्चेदानी-पेशाब की थैली काटी:समस्तीपुर में एक साल से फरार झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार, महिला की तबीयत अबतक नहीं सुधरी
