हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया आज गुरुवार यानी 12 मार्च को पानीपत के आधिकारिक दौरे पर पहुंच रही हैं। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे महिला सुरक्षा, कैदियों के कल्याण और लंबित शिकायतों के निपटारे को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेगी। महिला कैदियों की सुविधाओं का लेगी जायजा DC डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि चेयरपर्सन रेणू भाटिया 12 मार्च (गुरुवार) को दोपहर बाद जिला जेल का दौरा करेंगी। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में महिला कैदियों को दी जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता की स्थिति की जांच करना है। वे महिला बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक भी लेगी। बॉलीवुड रैपर बादशाह की पेशी कल दौरे के दूसरे दिन, यानी 13 मार्च को, चेयरपर्सन जिला सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करेगी। बैठक में जिले में महिलाओं से संबंधित दर्ज मामलों, महिला सुरक्षा की वर्तमान स्थिति और विभिन्न विभागों में लंबित महिला शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही यहां बॉलीवुड रैपर बादशाह को भी समन कर बुलाया गया है। जिनसे टटीरी गाने में बोले गए आपत्तिजनक बोल के बारे में स्पष्टीकरण लिया जाएगा। पानीपत और करनाल के मामलों पर जनसुनवाई DC डॉ. दहिया ने बताया कि 13 मार्च को ही सुबह 11 बजे से एक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस जनसुनवाई की खास बात यह है कि इसमें केवल पानीपत ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिले करनाल से जुड़े महिलाओं के मामलों और समस्याओं की भी सुनवाई की जाएगी। अधिकारियों को मौजूद रहने के निर्देश शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के सभी बड़े अधिकारियों को इस जनसुनवाई और बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मौके पर ही अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पानीपत में महिला आयोग चेयरपर्सन रेणू भाटिया आज:जेल में निरीक्षण कर महिला बंदियों से करेगी मुलाकात, रैपर बादशाह की पेशी कल
