पलामू में नक्सलियों से मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी शहीद:एक जवान की हालत गंभीर, सर्च ऑपरेशन जारी, राज्यपाल-सीएम ने जताया शोक

पलामू में नक्सलियों से मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी शहीद:एक जवान की हालत गंभीर, सर्च ऑपरेशन जारी, राज्यपाल-सीएम ने जताया शोक
Share Now

पलामू में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें 2 पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं। शहीद जवानों की पहचान संतन मेहता और सुनील राम के रूप में हुई है। मुठभेड़ में एक जवान रोहित कुमार घायल हैं। मुठभेड़ बुधवार देर रात मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में हुई। जानकारी के मुताबिक जिस इलाके में मुठभेड़ हुआ है वह टीपीसी के 10 लाख इनामी कमांडर शशिकांत गंझू का क्षेत्र माना जाता है। जहां मुठभेड़ हुई है, वहां के गांव में करमा त्योहार मनाया जा रहा था। पुलिस को इस बात की सूचना थी कि शशिकांत गंझू इलाके में मौजूद है। ऐसी संभावना भी थी कि नक्सली दस्ता वहां दहशत फैला सकता है। इसी सूचना पर पुलिस बुधवार की शाम 7 बजे के करीब सर्च ऑपरेशन के लिए निकली हुई थी। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने की फायरिंग सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस जब इलाके में पहुंची तो पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के भी मारे जाने की खबर है। जबकि दो जवान शहीद हुए हैं। दोनों आरक्षी पद पर थे। शहीद जवानों में संतन 2012 में तो सुनील 2011 में पुलिस ज्वाइन किया था। डीआईजी नौशाद आलम के मुताबिक जिला पुलिस, आईआरबी और एसटीएफ की 2 टीम सर्च ऑपरेशन में गई थी। जवानों की संख्या 50 थी। जबकि नक्सलियों की संख्या 12 के करीब होने का अनुमान है। घायल जवान को रात 2 बजे अस्पताल लाया गया घायल जवान रोहित कुमार को रात 2 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। डॉ. सुशील और डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ की टीम उनका इलाज कर रही है। पलामू की पुलिस कप्तान रिष्मा रमेशन ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवान का हालचाल लिया। कुछ नक्सलियों के भी घायल होने या मारे जाने की सूचना है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पलामू के एसपी, डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है। शहीद जवानों के परिवारों को सांत्वना दी गई है। पुलिस लाइन ग्राउंड में शहीद जवानों को देंगे सलामी मनातू की घटना को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय की चार सदस्यीय टीम पहुंची है। इस टीम में सीआरपीएफ, आईजी और आईपीएस साकेत सिंह शामिल हैं। इनके साथ आईजी अभियान माइकल राज, आईजी अनूप बिरथरे और एसपी अभियान अमित रेणु भी मेदिनीनगर आ रहे हैं। सभी वरीय अधिकारी मनातू में हुई घटना की विस्तृत जानकारी लेंगे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। साथ ही पुलिस लाइन ग्राउंड में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राज्यपाल और सीएम ने व्यक्त की संवेदना सीएम हेमंत सोरेन ने X अकाउंट पर लिखा कि पलामू के मनातू क्षेत्र अंतर्गत केदल जंगल में विशेष ऑपरेशन अभियान के दौरान पुलिस के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम का शहीद होना अत्यंत पीड़ादायक है।
मरांग बुरु दिवगंत वीर शहीदों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। अभियान में घायल एक अन्य जवान को चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जा रहा है। घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। वहीं राज्यपाल संतोष गंगवार ने लिखा पलामू में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में वीर जवान संतन कुमार मेहता व सुनील राम के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं दोनों वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *