रांची जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को श्रीकृष्ण लोक प्रशासन सेवा संस्थान में हुई। सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में हुई बैठक में करीब एक दर्जन विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान सीपी सिंह ने पुलिस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कहा कि नया फ्लाईओवर बना है। इसके बावजूद नागाबाबा खटाल के पास से जाम नहीं हटा। क्योंकि, फ्लाईओवर के पास ऑटो वालों ने कब्जा कर लिया है। पुलिस वहां मौजूद रहती है। फिर भी ऐसी दुर्दशा हो रही है। पुलिस पैसे लेकर यह काम कर रही है। मैं शहर में घूमता हूं तो पुलिस की कार्यशैली भी देखता हूं। कैसे चौक-चौराहों पर गुमटी में, पोस्ट के अंदर पैसे की वसूली होती है। इस पर एसएसपी चंदन सिन्हा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस पर ऐसा आरोप नहीं लगा सकते। यह पूरी तरह गलत है। आपके पास कोई प्रमाण है तो दें, हम एक्शन लेंगे। सीपी सिंह ने नगर निगम प्रशासक पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आप जाति-धर्म देखकर अतिक्रमण हटा रहे हैं। डेली मार्केट थाना के सामने रोड गायब हो गई, चर्च रोड से आगे कर्बला चौक से बहुबाजार तक रोड पर दुकानें हैं। क्या वह कब्जा नहीं है। प्रशासक पर भड़के जनप्रतिनिधि, कहा- फोन नहीं उठाते हैं, आप जनता से बड़े नहीं दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अफसरों पर जमकर भड़ास निकाली। सांसद से लेकर विधायकों ने निगम प्रशासक को कहा कि कल करमा पर्व है। लेकिन लगातार बारिश से अखड़ा में कीचड़ हो गया है। रांची महिला कॉलेज में बड़ा अखड़ा है। वहां पैर रखने तक की स्थिति नहीं है। अखड़ा में डस्ट तक नहीं गिराया, स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, सड़क-नाली की समस्या है। इन्हें ठीक करने के लिए आपको फोन किया जाता है तो फोन क्यों नहीं उठाते। आप बहुत बड़े अफसर हैं। पर जनता से बड़े आप नहीं हैं। सीपी सिंह ने कहा कि शहर की सभी सड़कों पर गड्ढे हैं। दुर्गा पूजा आने वाली है। इससे पहले गड्ढों को भरें। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने स्थिति संभालते हुए सड़कों की मरम्मत और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। किस समस्या पर क्या दिए गए निर्देश… रक्षा राज्यमंत्री ने सदर अस्पताल के कार्यों को सराहा रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने सदर अस्पताल में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल काफी अच्छा काम कर रहा है। अब विभिन्न प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का जीर्णोद्धार करने की जरूरत है। उन्होंने सभी सीएचसी में अल्ट्रासाउंड और डायलिसिस की व्यवस्था करने के लिए कहा। न्यू बोर्न बेबी के लिए आधार बनाने और स्नेक बाइट के बढ़ते मामले को देखते हुए एंटी वेनम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। भास्कर इनसाइट वोट बैंक का खेल, निगम-प्रशासन की भी दोहरी नीति शहर में अतिक्रमण बड़ा मुद्दा है। लेकिन दिशा की बैठक में इस पर विवाद के पीछे का मुद्दा अलग है। यह पूरी तरह वोट बैंक का खेल है। निगम-प्रशासन भी दोहरी नीति अपनाता है। दरअसल, सर्जना चौक से डेली मार्केट थाना तक फुटपाथ पर 100 से अधिक दुकानें सजती हैं। दुकानदारों को सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के एक नेता का संरक्षण मिला हुआ है। इसलिए निगम-पुलिस वहां कार्रवाई नहीं करती। डेली मार्केट थाना के सामने की सड़क पर वर्षों से अतिक्रमण है। पुलिस आज तक उसे नहीं हटा सकी। इसी तरह कर्बला चौक के आसपास भी सड़क-नाली पर दुकानें सजती हैं। जबकि, हरमू रोड, रातू रोड, कचहरी रोड में सड़क पर बनी सफेद लाइन के अंदर दुकान लगाने वालों पर भी कार्रवाई हो रही है। ये ऐसे दुकानदार हैं, जिससे सबसे अधिक वोट विपक्षी दल के नेता को मिलते हैं। दूसरी ओर ऑटो चालकों, ट्रैफिक पुलिस और निगम अफसरों की मिलीभगत है। इसी का नतीजा है कि शहर में 5000 से अधिक अवैध ऑटो चलते हैं।
दिशा की बैठक:फ्लाईओवर के पास ऑटो स्टैंड बनाने पर भड़के विधायक सीपी सिंह, जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासक पर निकाली भड़ास
