जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड से यूपी के 2 युवकों की मौत:दो दोस्त नदी में बह गए; साथी बोला- मेरी आंखों के सामने पहाड़ गिरा

जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड से यूपी के 2 युवकों की मौत:दो दोस्त नदी में बह गए; साथी बोला- मेरी आंखों के सामने पहाड़ गिरा
Share Now

जम्मू-कश्मीर में दो जगहों पर हुए लैंड स्लाइड में यूपी के 2 युवकों की मौत हो गई। पहला हादसा- मनसा लेक के पास हुआ। यहां लैंडस्लाइड में आगरा का एक युवक अपने 2 दोस्तों के साथ बह गया। NDRF ने अन्य 2 युवकों का रेस्क्यू किया है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे में बचे राजस्थान के धौलपुर निवासी दीपक मित्तल ने बताया- हम पांचों दोस्त मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे को कार से मनसा लेक जा रहे थे। हमें रास्ते में 3 जगहों पर लैंडस्लाइड मिली। हमने वापस लौटने का प्लान बनाया। ड्राइवर के कार रोकने पर हम लोग नीचे उतरे। तभी पीछे से लैंडस्लाइड हो गई। एक पेड़ हम पांचों को अपने साथ खाई में ले गया। फिर हम नदी में गिर गए। हम दो दोस्त तैरकर बाहर आ गए। जबकि तीनों साथी मेरी आंखों के सामने तेज बहाव में बह गए। वहीं, दूसरा हादसा वैष्णो देवी धाम में हुआ। यहां लैंडस्लाइड की चपेट में आने से मुजफ्फरनगर के एक युवक की मौत हो गई। जबकि परिवार के 5 सदस्य घायल हैं। 23 अगस्त को वैष्णो देवी यात्रा पर निकले थे
आगरा के खेरागढ़ कस्बा निवासी विनोद बंसल का बेटा 23 अगस्त को धौलपुर के सैंपऊ कस्बे से वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकला था। उसके साथ दोस्त यश गर्ग पुत्र शशिकांत गर्ग, प्रांशु पुत्र सुनील मित्तल, आदित्य पुत्र हरिओम परमार और दीपक मित्तल पुत्र विष्णु मित्तल भी थे। पांचों दोस्त ट्रेन से रवाना हुए थे। दो दिन पहले सभी ने वैष्णो देवी के दर्शन कर लिए। दीपक ने बताया, मंगलवार रात को उनकी वापसी की ट्रेन थी। इसलिए सभी ने दिन में मंदिरों के दर्शन की योजना बनाई। हम लोगों ने छह हजार में एक कार बुक की। इसके बाद हम लोग निकल पड़े। मनसा लेक जा रहे थे तभी लैंडस्लाइड हुई
कटरा के पास नव माता के दर्शन करने के बाद मनसा लेक की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 12.30 बजे लैंडस्लाइड से रास्ता अवरुद्ध होने की वजह से हम ड्राइवर सहित कार से उतर गए। इसी दौरान मनसा लेक और धनसर के बीच अचानक पीछे से लैंडस्लाइड हुई। एक पेड़ ऊपर से आया और हम पांचों उसके साथ बहाव में बहने लगे। फिर हम सभी नदी में गिर गए। मैं और आदित्य किसी तरह बाहर आ गए। कुछ देर बाद कार का ड्राइवर भी बाहर आ गया। मगर मेरे तीनों दोस्त यश, प्रांशु और शिव मेरे सामने बहते चले गए। फिर कुछ देर बाद लापता हो गए। शिव बीएससी का छात्र था। दो घंटे बाद NDRF पहुंची, सर्च अभियान चलाया
दीपक ने बताया- स्थानीय लोग हमको ऊपर लेकर गए। यहां से पुलिस थाने लेकर आ गई। नदी गहरी नहीं थी, मगर बहाव तेज था, मलबा अधिक था। हादसे के दो घंटे बाद NDRF और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बचे हुए युवकों से जानकारी लेकर लापता तीनों की तलाश शुरू कर दी गई है। वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गए थे
शिव के पिता विनोद बंसल ने बताया, बेटे से सोमवार रात में बात हुई थी। उसने बताया था कि वैष्णो देवी के दर्शन हो गए हैं। अब जम्मू में कुछ मंदिर के दर्शन के बाद वापस लौटेंगे। शिव हरि महाविद्यालय में बीएससी थर्ड ईयर का छात्र है। पिता पवन कस्बे में ही मोबाइल की दुकान करते हैं। उन्होंने बताया, मेरा साला और परिजन हादसे की सूचना मिलते ही जम्मू के लिए रवाना हो गए। मुजफ्फरनगर के युवक की वैष्णो देवी में मौत वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए लैंड स्लाइड में मुजफ्फरनगर में कार्तिक (22 साल) की मौत हो गई। दरअसल, रामलीला टिल्ला आबकारी मोहल्ले से माता के दर्शन के लिए कश्यप परिवार जम्मू गया था। सोमवार देर रात पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। कार्तिक (22) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में मिंटू कश्यप (46), संगीता (40), उमंग (25) और वैष्णवी (16) शामिल हैं। सभी का जम्मू के अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार तीन दिन पहले मुजफ्फरनगर से यात्रा पर निकला था। माता के दर्शन के बाद वापसी के दौरान कटरा से उतरते समय यह हादसा हो गया। कार्तिक के चाचा बाबूराम ने बताया, हमारे परिवार के लोग बड़ी श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन करने गए थे। लेकिन लैंडस्लाइड ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। कार्तिक बहुत होनहार और मेहनती था। परिवार उसकी मौत से पूरी तरह टूट गया है। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा- यह घटना बेहद दुखद है। सरकार मृतक के परिवार के साथ खड़ी है। मैंने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल से व्यक्तिगत रूप से बात कर सभी घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। ……………… ये खबर भी पढ़िए- वैष्णो देवी में अर्धकुमारी में लैंडस्लाइड, 5 की मौत:14 घायल; यात्रा रुकी; जम्मू में तवी नदी के पास सड़क धंसी, गाड़ियां गिरीं वैष्णो देवी यात्रा मार्ग में अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड हो गई। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार- हादसे में 5 लोग मारे गए, 14 घायल हैं। घायलों को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर कटरा ले जाया गया है। खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई थी। वैष्णो देवी से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार हुए। पढ़ें पूरी खबर


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *