गिरिडीह में पैसों के विवाद में युवक की हत्या:मुंडराडीह गांव में मस्जिद के पास घेरकर मारा, अस्पताल में मृत घोषित, गांव में तनाव का माहौल

गिरिडीह में पैसों के विवाद में युवक की हत्या:मुंडराडीह गांव में मस्जिद के पास घेरकर मारा, अस्पताल में मृत घोषित, गांव में तनाव का माहौल
Share Now

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मुंडराडीह गांव में रविवार की देर रात गांव के 35 वर्षीय अनाउल अंसारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, अनाउल अपनी पत्नी लाड़ली बानो के साथ पुराने घर से खाना खाकर नए घर जा रहा था। इसी दौरान गांव की मस्जिद के पास पहले से घात लगाए बैठे मो. मकसूद और उसके परिजनों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। पत्नी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अनाउल गंभीर रूप से घायल हो चुका था। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित ग्रामीणों की मदद से घायल अनाउल को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जबकि वह चार महीने पहले ही मुंबई से काम छोड़कर गांव लौटा था। परिजनों ने लगाई साजिश की आशंका मृतक के चाचा मो. हुसैन और पिता मो. जमाल अंसारी ने आरोप लगाया है कि यह हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि अनाउल का कुछ लोगों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि इसी रंजिश में साजिश रचकर अनाउल की हत्या की गई है। पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की पहचान घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सब इंस्पेक्टर रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में पैसों के विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। गांव में तनाव का माहौल हत्या की इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। लोग आक्रोशित हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *