गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के योगीटांड़ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्थानीय निवासी गोपी दास ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी कंचन देवी का धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना वार्ड संख्या 24 स्थित सामुदायिक भवन के पास हुई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे महिला खून से लथपथ सड़क किनारे तड़पती हुई मिली। लोगों ने तत्काल वार्ड पार्षद नुरुल होदा को सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कंचन को वाहन से गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही गोविंदपुर के पास उसकी मौत हो गई। प्रेम विवाह के बाद बढ़ते गए विवाद मृतका की सास किरण देवी ने बताया कि चार वर्ष पूर्व कंचन देवी और गोपी दास ने प्रेम विवाह किया था। शुरुआती वर्षों में दंपती का जीवन सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे विवाद बढ़ने लगा। दोनों के दो बच्चे भी हैं। पिछले दो माह से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चरम पर पहुंच गया था। इसी कारण तीन दिन पूर्व कंचन अपने बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस पर गोपी दास ने मुफ्फसिल थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। थाने में हुआ था समझौता पुलिस दबाव के बाद सोमवार को कंचन देवी थाना पहुंचीं। थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो की मौजूदगी में पति-पत्नी के बीच समझौता कराया गया। दोनों से बॉन्ड भरवाकर घर जाने की हिदायत दी गई। लेकिन समझौते के कुछ ही घंटे बाद गोपी दास ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि पति-पत्नी साथ में घर लौट रहे थे, तभी सामुदायिक भवन के समीप गोपी ने अचानक चाकू से पत्नी का गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी पति को पकड़ा वारदात की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हो गया कि हत्या का आरोपी पति गोपी दास ही है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि कंचन देवी की हत्या पारिवारिक विवाद और आपसी कलह का परिणाम है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
गिरिडीह में पति ने पत्नी का गला रेता, मौत:4 साल पहले हुई थी लव मैरिज, झगड़े के बाद पत्नी ने घर छोड़ा था, थाने में हुआ था समझौता
