कैमूर के मोहनिया में दहेज प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है। मंगलवार रात डड़वा में समझौते के बहाने बुलाकर एक पिता-बेटे पर हमला किया गया। घटना में प्रदुमन कुमार गुप्ता और उनके पिता श्री भगवान साह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले मोहनिया के अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल परिवार मूल रूप से धनबाद का रहने वाला है और मोहनिया शहर के कौड़ीराम में मैरिज हॉल चलाता है। एक साल पहले हुई थी शादी मामले की जड़ में दहेज प्रताड़ना है। 10 दिसंबर 2024 को मनीषा कुमारी की शादी हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद ही ससुराल पक्ष ने उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मनीषा के मुताबिक, उनके पति और ससुराल वाले उन्हें चेहरे पर बाल होने और नपुंसक होने का ताना देते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उन्हें जलाने की योजना भी बनाई थी। मंगलवार की रात लड़के की भौजाई के मायके में सुलह-समझौते के लिए मनीषा के परिवार को बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद दर्जनों लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान मनीषा के गहने भी छीन लिए गए। ससुराल पक्ष तलाक की कर रहे मांग घायल प्रदुमन ने बताया कि मार्च में बहन की विदाई के बाद ससुराल पक्ष ने कोई संपर्क नहीं किया। जब उन्होंने संपर्क किया तो ससुराल पक्ष ने तलाक की मांग कर दी। मोहनिया थाना अध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी के अनुसार, पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कैमूर में समझौते के बहाने बुलाकर पिता-बेटे पर हमला:बहन को तलाक देना चाहता था जीजा, दो आरोपी गिरफ्तार
