हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सफाई कर्मी रमन (30) के शव का आज पोस्टमॉर्टम होगा। रमन का परिवार आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। साथ ही परिवार ने सुसाइड नोट पर सवाल उठाए हैं। परिवार ने रमन के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने वाली महिला और साथी कर्मियों पर सुसाइड के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए। रमन कुमार थानेसर नगर परिषद में काम करता था और बहादुरपुरा का रहने वाला था। अभी रमन संतपुरा में एक महिला के साथ रहता था। करीब 4 साल पहले उसकी पत्नी पुष्पा उसे छोड़कर चली अपने मायके चली गई थी। उसकी दोनों बेटियां भी उसकी पत्नी के साथ ही चली गई थी। मां की कॉल नहीं उठाई शिव कुमार निवासी इशाकपुर ने बताया कि रमन उसका भांजा था। कल रमन की मां की थोड़ी तबीयत खराब थी। उसने कई बार रमन को कॉल भी किया, लेकिन रमन ने कॉल नहीं उठाई। इसलिए रमन को देखने के लिए वह उसके संतपुरा स्थित मकान पर आया। यहां आकर देखा तो रमन का शव रस्सी के साथ फंदे पर लटका हुआ था। सुसाइड नोट पर उठाए सवाल उसने तुरंत पुलिस को सूचना देकर बुलाया। रमन के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। इसमें उसने अपने ससुराल के लोगों पर आरोप लगाए हैं। हालांकि सुसाइड नोट पर रमन के साइन नहीं हैं। साथ ही हैंडराइटिंग भी उसकी नहीं है। यह नोट उसके साथ रहने वाली महिला ने लिखकर रखा है। अगर रमन सुसाइड नोट लिखता, तो उस पर साइन भी जरूर होते। मकान को लेकर विवाद मामा शिव कुमार ने बताया कि उसके साथ रहने वाली महिला और साथ काम करने वाले कर्मी की उसके मकान पर नजर थी। महिला और कर्मी दोनों आपस में मिले हुए थे। दोनों रमन पर उसका मकान बेचने के लिए दबाव बना रहे थे। करीब 30 लाख रुपए में मकान बेचने के कागज भी तैयार करवा लिए थे। खरीदार का मकान लेने से इनकार बाद में जब खरीदार को शक हुआ कि कागज सही नहीं हैं। साथ ही उसे पता चला कि यह मकान रमन को उसके मामा ने बनाकर दिया है, इसलिए उसने मकान लेने से इनकार कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर भी मकान लेने से पीछे हट गए। जब मकान नहीं बिका, तो रमन को नौकरी में अटेंडेंस और अन्य बातों को लेकर दोनों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। सुसाइड की असली वजह नहीं आई सामने- अमित कुमार थाना सुभाष मंडी पुलिस चौकी के इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। सुसाइड के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आज रमन के शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी।
कुरुक्षेत्र के सफाई कर्मी के सुसाइड नोट पर उठे सवाल:मामा बोले- लिव-इन में रहने वाली महिला ने लिखा, मेरे भांजे की हैंडराइटिंग नहीं
