उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आ रहे थे। बोलने और चलने में भी दिक्कत हो रही थी। इसके बाद उन्हें आजमगढ़ से लखनऊ लाया गया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद उन्हें लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। एडमिट कराया। 2-3 घंटे तक उनका लोहिया में इलाज चला। इसके बाद मेदांता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। राजभर के इलाज के लिए मेदांता के एक्सपर्ट डॉक्टरों का पैनल बनाया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, स्ट्रोक अटैक के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। यहां आने के बाद उनकी सीटी स्कैन, खून समेत कई जांच कराई गई। फिलहाल उनकी कंडीशन स्थिर है। अचानक चक्कर आया, फिर जुबान लड़खड़ाने लगी
ओपी राजभर को रविवार को वाराणसी के कटिंग मेमोरियल स्कूल में सामाजिक समरसता भागीदारी रैली को संबोधित करना था। उन्हें आजमगढ़ से वाराणसी जाना था। वह जैसे ही कमरे से निकलने लगे, उन्हें तेज चक्कर आया और वे बेड पर ही बैठ गए। उनकी जुबान भी लड़खड़ाने लगी और बोलने में दिक्कत होने लगी। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। रविवार दोपहर 1 बजे उन्हें लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया। डिप्टी सीएम काफी देर तक उनके साथ रहे और उन्हें दिलासा देते नजर आए। लोहिया में ढाई घंटे रहे राजभर, फिर परिवार मेदांता ले गया
लोहिया के प्रवक्ता और कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. भुवन तिवारी ने बताया- राजभर को चलने फिरने में परेशानी के अलावा बोलने में जुबान लड़खड़ा रही थी। शुरुआती जांच में कोई गंभीर बात निकलकर सामने नहीं आई। सबसे पहले उन्हें जनरल मेडिसिन के एक्सपर्ट डॉ. विक्रम सिंह ने देखा। फिर कर्डियोलॉजी की जांच हुईं। फिर न्यूरोलॉजी की संभावित समस्या को देखते हुए डॉ.अब्दुल कवि की निगरानी में उनका CT स्कैन हुआ। इसके बाद उन्हें लोहिया संस्थान के छठे फ्लोर के प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। CT स्कैन रिपोर्ट नॉर्मल आने के बाद डिप्टी सीएम चले गए। थोड़ी देर बाद फैमिली मेंबर्स ने उन्हें मेदांता जाने का मन बनाया। 3 बजे परिजन राजभर को मेदांता लेकर चले गए। मेदांता के डायरेक्टर बोले- अब उनकी सेहत में सुधार
मेदांता के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि राजभर को चक्कर आने की दिक्कत के चलते भर्ती किया गया। अब उनकी सेहत में सुधार है। न्यूरोलॉजी के डॉ. अनूप ठक्कर की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। फिलहाल उन्हें प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। ………………………………. यह खबर भी पढ़ें लखनऊ में 5 लाख की आबादी को तेंदुआ का खौफ:3 शिफ्टों में काम कर रही रेस्क्यू टीम, आर्मी कर रही इलाके की निगरानी लखनऊ में रोड क्रॉस करते कैमरे में कैद तेंदुआ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इससे कैंट इलाके की 5 लाख से ज्यादा आबादी दहशत में है। वन विभाग ने सोमवार सुबह तीन शिफ्टों में टीमें लगाकर तेंदुए की तलाश तेज कर दी है। ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। आर्मी के जवान इलाके की निगरानी में लगे हैं। लोगों से अपील की गई है कि रात में अकेले घर से बाहर न निकलें। यहां पढ़ें पूरी खबर
ओपी राजभर की तबीयत बिगड़ी, माइनर ब्रेन स्ट्रोक:डिप्टी सीएम खुद अस्पताल लेकर पहुंचे, एडमिट कराया; लोहिया से मेदांता शिफ्ट
