यूपी में 3 दिन से बारिश का दौर लगातार जारी है। आज भी 40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। लखनऊ में सुबह तेज बारिश हुई। दिन में अंधेरा छा गया। राजधानी में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। इसके अलावा, सीतापुर, हाथरस, फतेहपुर समेत 10 शहरों में तेज बारिश सुबह हुई। मौसम विभाग ने आज 40 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में औसत से 63% ज्यादा बारिश हुई है। 1 जून से अब तक यानी मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में अनुमान के बराबर 556 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में 63 जिलों में 12.7 मिमी बारिश हुई। प्रयागराज में एक बार फिर गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। सोमवार को गंगा ने चौथी बार लेटे हनुमानजी को स्नान कराया। पूरी प्रतिमा डूब गई। इससे पहले 15, 18 और 29 जुलाई को गंगा का पानी गर्भगृह तक पहुंचा था। उन्नाव में गंगा का कटान रोकने के लिए धन्नापुरवा में बोरियों में बालू भरकर अस्थायी बांध के 27 कटर बनाए गए। लेकिन, पूरा बंधा बह गया। इसे बनाने में 14 करोड़ की लागत आई थी। किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। वहीं मथुरा में यमुना नदी उफान पर है। सोमवार को एक बच्चा नदी में डूब गया और आसपास के लोग वीडियो बनाते रहे। वहीं मंगलवार सुबह 7 बजे से पुलिस और गोताखोरों की टीम 7 किलोमीटर के एरिया में सर्च अभियान चलाकर बच्चे की तलाश कर रही है। दो बच्चे नाले में बहे, बचाने आए युवक की मौत
सोमवार को जौनपुर में बड़ा हादसा हो गया। मछलीशहर पड़ाव के पास दो बच्चे करंट की चपेट में आ गए। झटका लगने से दोनों नाले में गिरे और बह गए। दोनों को बचाने के लिए एक व्यक्ति आगे आया। वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को फतेहपुर के बिंदकी में कच्चा मकान ढह गया। इसमें दबकर मां-बेटे और बहू की मौत हो गई। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अब तक प्रदेश में 8 बांधों के गेट खोले जा चुके हैं। मिर्जापुर में अहरौरा बांध ओवरफ्लो हो गया है। इसके चलते 9 साल बाद 22 गेट खोलने पड़े। इससे 20 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। सोनभद्र में धंधरौल बांध का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद बांध के 22 फाटक खोल दिए गए हैं। चंदौली के मूसाखंड और लतीफ शाह बांध भी लबालब भर गए हैं। दोनों बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। ललितपुर में माताटीला, राजघाट, भौंरट, जैमिनी और गोविंद सागर बांध भी ओवरफ्लो हो गए हैं। आज कहां होगी बारिश, जानिए 24 घंटे में 63% ज्यादा बारिश
सोमवार को पिछले 24 घंटे में 12.7 मिमी बारिश हुई, ये मौसम विभाग के औसत अनुमान 7.8 मिमी से 63% ज्यादा है। अब तक की बात करें तो प्रदेश में 556.3 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने इतनी ही बारिश का अब तक अनुमान जताया था। ऐसे में प्रदेश में अब तक कोटे के बराबर बारिश हो चुकी है। UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….
उन्नाव में 14 करोड़ से बना बंधा गंगा में बहा:लखनऊ, सीतापुर, हाथरस समेत 10 शहरों में तेज बारिश, आज 40 जिलों में अलर्ट
